दुर्ग

बेमौसम बारिश से कटाई और बोनी प्रभावित
22-Nov-2026 9:11 PM
बेमौसम बारिश से कटाई और बोनी प्रभावित

दुर्ग, 22 नवंबर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरने और तेज हवा से धान की फसल गिर गई है। इससे खरीफ कटाई के साथ रबी बोनी भी प्रभावित हुई है। सब्जियों की फसलों को भी नुकसान की आशंका है।

किसान रवि प्रकाश ताम्रकार और जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू के अनुसार बारिश से ओन्हारी की बोनी रुक गई है। वहीं, बोए गए बीज खराब होने की आशंका है। किसान जालम पटेल ने धान खरीदी में नमी की छूट देने और खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है।

इधर, कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 या 7065514447 पर सूचना दें। किसान क्रॉप इंश्योरेंस ऐप और पीएमएफबीवाई पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बीमा कंपनी सूचना मिलने के 10 दिनों के भीतर सर्वे करेगी। कटाई के बाद खेत या खलिहान में रखी धान की फसल को भी 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा का प्रावधान है।

 किसानों को नुकसान की जानकारी पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी देनी चाहिए।


अन्य पोस्ट