दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 मई। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा ने विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के अंदर आने वाले समस्त 138 महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ गत दिनों ऑनलाईन बैठक की। लगभग एक घंटा की अवधि तक चली इस ऑनलाईन बैठक में डॉ. पल्टा ने समस्त प्राचार्यों को वार्षिक परीक्षा के 15 मई से आरंभ होने की जानकारी देते हुए कहा कि समस्त परीक्षार्थियों के रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड जारी हो गये हैं। विद्यार्थी दुर्ग विश्वविद्यालय की वेबसाईट पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
डॉ. पल्टा ने समस्त प्राचार्यों को निर्देशित किया कि जिन कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं संपन्न नही हुई है उन्हे भी 5 जून के पूर्व अनिवार्य रूप से ऑनलाईन पद्धति से आयोजित करवा लें। विश्वविद्यालय द्वारा प्रायोगिक परीक्षा संबंधी बाह्य परीक्षकों के नाम समस्त महाविद्यालयों को प्रेषित किये जा चुके हैं।
इससे पूर्व हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने समस्त प्राचार्यों को बैठक के एजेण्डा की जानकारी दी। प्राचार्यों को संबोधित करते हुए डॉ. पल्टा ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा आंतरिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों के प्राप्तांको को भरने हेतु विश्वविद्यालय को पोर्टल 15 मई से खुल जायेगा। अत: समस्त महाविद्यालय 30 मई तक अनिवार्य रूप से सभी प्राप्तांको की प्रविष्टियां कर देवें। सेमेस्टर परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाएं जमा करने के विषय पर चर्चा करते हुए डॉ. पल्टा ने बताया कि सभी शहरों में लॉकडाऊन समाप्त होते ही समस्त महाविद्यालय अपने-अपने नियमित विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाएं विश्वविद्यालय द्वारा जारी समय-सारिणी का पालन करते हुए एक सप्ताह के अंदर अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करेंगे। उत्तर पुस्तिका जमा करने के दौरान विद्यार्थी को अपने परीक्षा आवेदन पत्र की हार्डकॉपी अग्रेषण शुल्क भी संबंधित महाविद्यालय में जमा करना आवश्यक होगा। उत्तर पुस्तिका जमा करने के दौरान समस्त महाविद्यालयों में समुचित प्रबंध करना तथा कोविड- 19 प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यो की होगी। सेमेस्टर के समस्त विद्यार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के साथ एडमिट कार्ड की छायाप्रति भी लाना अनिवार्य है।
महाविद्यालय में उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने का एक टाइमटेबल निम्नानुसार है:-
पीजीडीसीए, डीसीए, योगा आदि- 18 मई को
सम्पूर्ण एमएससी, प्रथम व तृतीय सेमेस्टर- 19 मई
सम्पूर्ण एम.कॉम. प्रथम व तृतीय सेमेस्टर- 19 मई
एम.एड., प्रथम व तृतीय सेमेस्टर बी.बी.ए., लॉ- 20 मई
समस्त एम.ए. प्रथम व तृतीय सेमेस्टर- 21 मई
बी.एड. की समस्त कक्षाएं- 22 मई
अधिकतम जमा करने की तिथि- 24 मई।
डॉ. पल्टा ने समस्त प्राचार्यों से आग्रह किया कि राज्यशासन की मंशा के अनुरूप पूरे महाविद्यालय परिवार को कोविड- 19 वैक्सीन लगवाने हेतु प्रेरित करें। 18 वर्ष से अधिक आयु वाले समस्त युवाओं को वैक्सीन लगाने हेतु प्रेरित करने के लिये महाविद्यालय कु मुख्य द्वार के समीप वैक्सीन लगाने संबंधी जानकारी तथा पोस्टर अवश्य लगवायें। बैठक में ऑनलाईन रूप से दुर्ग संभाग के क्षेत्रीय अपर संचालक डॉ. सुशील चन्द्र तिवारी, कुलसचिव डॉ. सी.एल. देवांगन सहित विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी उपस्थित थे।