दुर्ग
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को कराया अवगत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 अप्रैल। छत्तीसगढ़, विशेष रूप से दुर्ग जिले में कोरोना की दूसरी लहर भयावह रूप से आई है। एक मार्च को जहां मात्र 47 केस दर्ज किए गए थे और एक भी मौत नहीं हुई थी। वहीं 31 मार्च आते-आते प्रतिदिन हजार से ज्यादा केस दर्ज किए जा रहे हैं और मौतों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
साथ ही कोरोना के मरीजों को कोई भी सुविधा या उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। सारे अस्पताल भरे हुए हैं और नए मरीजों को भर्ती के लिए कोई भी जगह खाली नहीं है। सभी परिस्थितियों को देखते हुए राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से बात की तथा उन्हें सभी परिस्थितियों से अवगत कराते हुए कोरोना संकट के गंभीरता के बारे में जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने इस पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए तुरंत केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव को राज्य के समकक्षों से बात कर पूरी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी लेने को कहा। साथ ही उन्होंने सुश्री पांडेय को यह आश्वासन दिया कि इस स्थिति से निपटने के लिए केंद्र राज्य को हर संभव सहायता तुरंत प्रदान करने को तैयार है, फिर चाहे वह अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने को लेकर हो या टेस्टिंग तथा वेक्सिनेशन की गति बढ़ाने को लेकर। साथ ही मरीजों का सम्पूर्ण इलाज हो सके तथा चिकित्सा तंत्र अपनी पूरी क्षमता से काम कर सके, आवश्यकता पडऩे पर विशेष मेडिकल टीम भेजने की भी बात कही।
सुश्री पांडेय ने भी दुर्ग की भयावह स्थिति को लेकर चिंता जताई तथा कोरोना से हो रहे मौतों पर दु:ख जताया। उन्होंने कहा कि यह मौतें रोकी जा सकती थी अगर राज्य सरकार ने स्थिति के बिगडऩे का अंदाजा पहले लगा लिया होता, लेकिन अब भी वक्त है कि आगे आने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
राज्य सरकार को इस मामले में केंद्र से सहायता लेनी चाहिए क्योंकि केंद्र का अनुभव ऐसे मामलों से निपटने में काफी बेहतर है। यहां दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की सेहत और उसकी प्राणों की रक्षा करने का अपना राजधर्म निभाना चाहिए।