दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमधा, 3 अप्रैल। जैसे-जैसे भीषण गर्मी बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे नगर में पेयजल की समस्या भी देखने को मिल रही है। पेयजल समस्या को लेकर वार्डवासियों ने धमधा नगर पंचायत के सीएमओ को ज्ञापन सौंपा और सात दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
वार्डवासियों ने नगर पंचायत के सीएमओ को ज्ञापन देकर कहा है कि वार्ड नंबर 12 व 13 में पेयजल की काफी समस्या है, जिससे पूरे वार्ड में नागरिकों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों का यह भी कहना है कि जहां नल व पाइप लाइन है, वहां जल संरक्षण के लिए टोटी भी नहीं लगाया गया, जिससे पानी का दुरुपयोग हो रहा है। वार्ड 12, वार्ड 13 की ही नहीं पूरे नगर का यही हाल है, जिस प्रकार तेजी से गर्मी बढ़ती जा रही है, नगर पंचायत का ऐसा सुस्त रवैया चिंताजनक है।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा गया है कि नगर पंचायत धमधा द्वारा इस पर कोई उचित कार्रवाई सात दिवस के भीतर नहीं किए जाने की स्थिति में वार्डवासियों द्वारा नगर पंचायत का घेराव कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में अमित ताम्रकार, संदीप ताम्रकार, करण ताम्रकार, कीर्ति ताम्रकार, क्रांति ताम्रकार व अन्य वार्डवासी उपस्थित थे।