दुर्ग
निगम आयुक्त ने जारी किया आदेश
भिलाई नगर, 1 अप्रैल। भिलाई निगम क्षेत्र के कुछ ऐसे बाजार जहां नागरिकों की खासी भीड़ होती है और भीड़ नियंत्रित नहीं हो रही है, कोरोना केस बढऩे की वजह से ऐहतियातन ऐसे बाजार आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
गौरतलब हो कि ऐसे बाजार में शासन-प्रशासन द्वारा जारी निर्देश एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे बाजारों को निगम आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी ने तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश जारी किया है।
बीएसपी क्षेत्र के बोरिया गेट समीप चाइना मार्केट जो प्रतिदिन लगता है तथा सेक्टर 1 का बाजार जो सप्ताह में एक बार लगता है, इसको आज से ही बंद किया गया है। बीएसपी प्रबंधन ने टाउनशिप में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुये चाईना मार्केट एवं सेक्टर 1 बाजार को बंद करने की मांग की थी, जिसके बाद इसे बंद करने का आदेश जारी किया गया है। साथ ही रविवार के दिन सुपेला संडे मार्केट में बहुत भीड़ जमा होती है। लोगों का बड़ी मात्रा में आना-जाना निरंतर इस दिन लगा रहता है। यहां भी सोशल डिस्टेंस का पालन भी नहीं किया जा रहा है। ऐसे में सुपेला संडे मार्केट को भी प्रत्येक रविवार को बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही वार्ड 70 का हुडको बाजार जो कि प्रत्येक मंगलवार को लगता है, इसे भी बंद करने का निर्णय लिया गया है।