दुर्ग

गोदाम में आग, डेकोरेशन का 40 लाख का सामान खाक
23-Mar-2021 4:23 PM
गोदाम में आग, डेकोरेशन का 40 लाख का सामान खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मार्च।
पैराडाइज कॉलोनी बोरसी भाटा वार्ड 50 स्थित एक गोडाउन में सोमवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। इससे डेकोरेशन का लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। कॉलोनी में स्थित इस गोडाउन में आग लगने से लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। दमकल की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आगजनी में लगभग 40 लाख रुपए के सामान जल जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।

 बोरसी कालोनी एक्सटेंशन मार्केट में पैराडाइज डेकोरेशन व कैटरर्स दुकान है। इसके संचालक का निवास बोरसी भाटा स्थित पैराडाइज कॉलोनी में है। घर के बाजू में ही गोडाउन बनाकर डेकोरेशन का सामान रखा जाता था। सोमवार को अचानक आग लग गई। चारों ओर आग की लपटें व धुआं फैल गया। धुएं का गुबार सैकड़ों फीट ऊपर तक फैलने लगा. लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। मौके पर पद्मनाभपुर चौकी पुलिस भी पहुंच गई और भीड़ को नियंत्रित किया। 
संचालक रवि डाकुआ ने बताया कि गोडाउन में रखे गद्दे, टेंट के कपड़े, लकड़ी, बांस, बर्तन, महाराजा चेयर, साधारण चेयर सहित डेकोरेशन के उपयोग के आने वाला हर सामान तथा बाजू में बने घर के कमरों का सामान आदि जलकर खाक हो गया है। आग लगने का कारण अज्ञात है।


अन्य पोस्ट