दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मार्च। आयुक्त हरेश मंडावी ने कार्यपालन अभियंता राजेश पाण्डेय, उपअभियंता आसमा डहरिया, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के तहत निगम के दस वार्डों का भ्रमण किए। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार शहर के वार्डों में चिन्हित ब्यूटीफिकेशन स्थल के साथ वार्डों में स्थित सीटी-पीटी एवं सुलभ शौचालयों की सफाई और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मरारपारा और मठपारा स्थित सुलभ शौचलायों में गंदगी और अव्यवस्था के लिए संचालक महिला समूहों को नोटिस जारी करने निर्देश दिए। टप्पा तालाब का निरीक्षण कर यहां सफाई और तालाब के पानी को ठीक करने निर्देश दिए।
नगर निगम के नयापारा, राजीव नगर, मठपारा, गयानगर, मरार पारा, बैगापारा, शिक्षक नगर और बघेरा, उरला वार्ड 57-58 में वार्ड के किसी एक स्थान को ब्यूटीफिकेशन के लिए चिन्हित किया गया है, जिसका अवलोकन किया गया। इसके साथ वार्ड में स्थित शौचालयों की साफ-सफाई और वहां बैनर पोस्टर, वाल पेटिंग स्थिति का जायजा लिया गया। आयुक्त द्वारा निगम के दस वार्डों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्यूटीफिकेशन के लिए चिन्हित स्थलों में वाल पेटिंग, गार्डन, स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की वाल टाईटिंग आदि कार्यों को प्राथमिकता से करने अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सुलभ शौचालयों के पास की दिवारों में अच्छा पेटिंग कर सुन्दर बनाने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीटी-पीटी के आसपास, सुलभ शौचालयों के आसपास किसी भी प्रकार से गंदगी न रहे, मलमा मिट्टी कचरा आदि हटा लेवें।
उन्होंने गया नगर गार्डन में पेटिंग करने, नालियों के किनारे से कचरा मलमा हटाने कहा। वार्ड भ्रमण के दौरान वार्ड 5 मरार पारा और मठपारा वार्ड 3 में सुलभ शौचलाय में व्याप्त गंदगी के लिए संचालकों पर नाराजगी व्यक्त किए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी को महिला समूहों को नोटिस देकर कार्रवाई करने कहा। इसके अलावा उन्होंने निकासी नालियों में पेंट कर जाली लगाने निर्देश दिए।