दुर्ग

छत्तीसगढ़ में फसल बर्बादी पर शासन दिखाए गंभीरता-मुकेश साहू
22-Nov-2026 8:04 PM
छत्तीसगढ़ में फसल बर्बादी पर शासन दिखाए गंभीरता-मुकेश साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 नवंबर।
जिला शहर कांग्रेस महामंत्री मुकेश साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश और तूफानों के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। विशेष रूप से धान कटाई के महत्वपूर्ण समय में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
पिछले 25 दिनों के भीतर दो बार आए तूफानों और लगातार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी एवं कटी हुई धान की फसल को नुकसान पहुंचने से किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के सामने एक बड़ी विडंबना यह भी है कि फसल नुकसान होने के बावजूद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से प्रत्येक किसान को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। फसल बीमा योजना में कई नियम एवं शर्तें लागू होती हैं, जिनके दायरे में हर प्रभावित किसान नहीं आ पाता।
उन्होंने शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर फसल नुकसान का निष्पक्ष सर्वेक्षण कराया जाए। खेतों में खड़ी एवं कटाई के बाद खेतों में पड़ी धान की फसल के नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की पात्रता एवं नियमों के कारण बीमा लाभ से वंचित किसानों के लिए भी विशेष राहत पैकेज की व्यवस्था की जाए। प्रभावित किसानों को शासन के नियमानुसार शीघ्र मुआवजा एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि उन्हें इस संकट से उबरने में मदद मिल सके।
 


अन्य पोस्ट