दुर्ग

चक्रवाती तूफान अकवान से फिर बढ़ी किसानों की चिंता, धान कटाई और खरीदी प्रभावित
21-Nov-2026 5:30 PM
चक्रवाती तूफान अकवान से फिर बढ़ी किसानों की चिंता, धान कटाई और खरीदी प्रभावित


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 नवंबर।
माहभर के भीतर तीसरे चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले दो तूफानों से फसलों को हुए नुकसान से उबरकर किसान धान कटाई में जुटे थे, लेकिन बारिश के कारण एक बार फिर कटाई का काम रुक गया है। खेतों में पानी भरने और नमी बढऩे से फसल कटाई में विलंब हो रहा है। वहीं सब्जी उत्पादक किसानों को भी नुकसान की आशंका सताने लगी है।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव ने बताया कि 20 अक्टूबर को आए चक्रवाती तूफान अर्नब और 3 नवंबर को आए मुरासु के प्रभाव से हुई बारिश में किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ था। कई खेतों में धान की फसल गिर गई थी। किसान खेतों की नमी सूखने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन फिर बारिश शुरू होने से कटाई प्रभावित हो गई है। इससे कीट एवं बीमारी का प्रकोप बढऩे की आशंका भी है।
बारिश का असर धान खरीदी पर भी पड़ा। जिले के 123 उपार्जन केंद्रों में से केवल 21 केंद्रों में खरीदी हो सकी। कुल 1092 टोकन जारी होने के बावजूद महज 83.72 क्विंटल धान की खरीदी हुई। बारिश से उपार्जन केंद्रों के फड़ गीले होने के कारण अधिकांश जगह खरीदी बंद रही।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ एसके वर्मा ने कुथरेल, अंडा, चंदखुरी और जेवरा उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर धान की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि खरीदे गए धान को पॉलिथीन से ढंककर रखा गया है और कहीं भी धान भीगने की स्थिति नहीं है। फड़ सूखने के बाद नियमित खरीदी शुरू होगी। बारिश के कारण टोकन के बावजूद धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को अगले कार्यदिवस में नया टोकन कटवाना होगा। ऐसे किसानों के लिए अवकाश के दिन खरीदी केंद्र खोलने पर राज्य स्तर पर विचार किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने 21 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम रहा।
 


अन्य पोस्ट