दुर्ग

कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते बेचने वाले 6 बंदी
18-Nov-2026 7:34 PM
कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते बेचने वाले 6 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 18 नवंबर। साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सुपेला, पदमनाभपुर, मोहन नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 5,000 से 15,000 रुपये के कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों के एजेंटों को उपलब्ध कराते थे।

लाखों के अवैध ट्रांजेक्शन का खुलासा

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर ठगी की रकम को खपाने वाले बैंक खातों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि इन 6 खातों के जरिए साइबर धोखाधड़ी की लाखों रुपये की अवैध राशि का लेन-देन और हस्तांतरण किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

तीन थानों में दर्ज हुए मामले में पुलिस ने अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर सभी 6 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। थाना सुपेला आरोपी रिसाली निवासी आशिष कुमार साहू , चरोदा निवासी नीतेश मसीह और मॉडल टाउन सुपेला निवासी धरम राज तिवारी को गिरफ्तार किया है।

थाना पदमनाभपुर में जवाहर नगर निवासी अमित मिश्रा और शक्ति नगर मोहन नगर निवासी गिरजा सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। थाना मोहन नगर में ग्राम कादुल, जिला बालोद निवासी रविन्द्र कुमार दिवान को गिरफ्तार किया गया है।


अन्य पोस्ट