दुर्ग
दुर्ग, 18 नवंबर। युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को न्यायालय ने सजा सुनाई है। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश पीएस मरकाम की कोर्ट ने आरोपी दीपक यादव उर्फ गोलू को 7 वर्ष सश्रम कारावास, 2000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड जमा न करने पर दो माह के अतिरिक्त साधारण कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक राकेश कुमार यादव ने पैरवी की थी।
राकेश कुमार यादव ने बताया कि 7 मई 2020 की शाम को आरोपी दीपक यादव ने अपने साथी राकेश यादव उर्फ छोटू यादव के साथ मिलकर छावनी थाना क्षेत्र के कैंप दो श्याम नगर निवासी बेन कुमार साहू के साथ उसके घर के पास सार्वजनिक स्थान पर विवाद किया था। इस दौरान गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने धारदार चाकू से बेन कुमार साहू पर प्राण घातक हमला कर दिया था। इससे प्रार्थी को गंभीर चोटें आई थी। आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर छावनी पुलिस ने जांच में लिया था।