दुर्ग
दुर्ग ग्रामीण में 37 बच्चों को टाइप 1 मधुमेह
लेखराम सोनवानी
उतई, 11 नवंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। दुर्ग जिले के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीण अंचलों में 14 वर्ष से कम आयु के 37 बच्चे टाइप-1 मधुमेह (डाइबिटीज) से पीडि़त हैं। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारियों के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा की गई स्क्रीनिंग में धमधा ब्लॉक में 4, निकुम में 15 और पाटन में 18 बच्चे इस बीमारी से ग्रसित पाए गए हैं।
टाइप-1 मधुमेह में शरीर के अग्न्याशय (पैनक्रियाज) में इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं, जिससे इंसुलिन का बनना बंद या अत्यधिक कम हो जाता है। यह बीमारी बच्चों में खानपान या अधिक मीठा खाने से नहीं, बल्कि प्रतिरक्षा प्रणाली की गड़बड़ी से होती है। प्रमुख लक्षण: बार-बार प्यास लगना, सामान्य से अधिक पेशाब आना, अचानक वजन घटना, अत्यधिक भूख लगना, कमजोरी, थकान और बच्चों का सुस्त रहना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
टाइप-1 और टाइप-2 में अंतर: टाइप-1 में शरीर इंसुलिन बिल्कुल नहीं बनाता और रोगी को जीवनभर इंसुलिन पर निर्भर रहना पड़ता है, जबकि टाइप-2 में इंसुलिन पर्याप्त मात्रा में नहीं बनता और इसे अक्सर आहार, व्यायाम व दवाओं से नियंत्रित किया जाता है।
विद्यालयों की भूमिका: यदि शिक्षक किसी बच्चे को बार-बार पानी पीते, अधिक बार पेशाब जाते या सुस्त अवस्था में देखते हैं, तो वे पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता या एएनएम से शुगर जांच कराने के लिए कहेंगे। पुष्टि होने पर बच्चे को जिला अस्पताल दुर्ग स्थित डीईआईसी भेजा जाएगा।
निशुल्क उपचार और सुविधाएं: चिरायु कार्यक्रम के तहत टाइप-1 डायबिटीज से पीडि़त बच्चों को सभी आवश्यक दवाइयां, इंसुलिन, सुई, ग्लूकोमीटर, टेस्ट स्ट्रिप्स और संबंधित जांच सुविधाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं। जिला अस्पताल के डीईआईसी में प्रत्येक बुधवार को डायबिटीज क्लिनिक आयोजित होती है।
बीएमओ निकुम डॉ. डी.के. बेलचंदन के अनुसार, नियमित इंसुलिन, ब्लड शुगर की जांच, संतुलित खानपान और डॉक्टर के मार्गदर्शन से बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं। इसके अलावा, प्रदेश में गैर संचारी रोगों के प्रति जन जागरूकता के लिए यूनिसेफ और एमसीसीआर के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।