दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 नवंबर। पुलगांव थाना पुलिस ने शिवनाथ नदी पचरी के पास नशीली गोलियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को घेराबंदी कर रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 395 टैबलेट और बिक्री रकम बरामद की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 58 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलगांव थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महरून रंग की टी-शर्ट और काली पैंट पहने एक युवक शिवनाथ नदी पचरी के समीप संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और प्रतिबंधित नशीली गोलियों को खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस टीम ने गवाहों के साथ तत्काल मौके पर दबिश दी और संदेही को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोमेश्वर साहू दुर्ग बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 395 प्रतिबंधित टैबलेट और 500 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने नशीली टैबलेट और नकदी जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तारी के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।