दुर्ग
दुर्ग, 6 नवंबर। आरोपियों द्वारा बेवजह गाली गलौज किए जाने की बात को लेकर जब युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट करते हुए चाकू से वार कर दिया। इससे युवक को गंभीर चोटे आई और उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया वहां से उचित इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है। शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि गायत्री मंदिर के पास वार्ड नंबर 54 पुलगांव निवासी प्रार्थिया शीला विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि 4 नवंबर की रात को 8.30 बजे उसका बेटा रोशन विश्वकर्मा अपने दोस्त संजय तिवारी के साथ घूमने निकला हुआ था। साईं काशी निवास के सामने मुर्गा दुकान के पास पहुंचा था वहीं पर तीन- चार आरोपी लडक़े खड़े हुए थे जो रोशन को देखने के बाद गाली गलौज करने लगे। जब रोशन ने उन्हें गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने पहले मारपीट किया उसके बाद एक आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से रोशन के गर्दन, पीठ, कंधे, पेट में वार कर दिया जिससे काफी खून निकलने लगा। उसी समय रोशन के साथी संजय तिवारी, राहुल विश्वकर्मा बचाने आए तो उन्हें देखकर सभी आरोपी वहां से भाग गए। रोशन को तुरंत दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया वहां से रेफर कर बेहतर इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।