दुर्ग

सवा 39 लाख के सडक़ निर्माण का महापौर ने किया भूमिपूजन
31-Oct-2026 10:53 PM
 सवा 39 लाख के सडक़ निर्माण का महापौर ने किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 अक्टूबर। नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। इसी कड़ी में महापौर अलका बाघमार ने वार्ड क्रमांक 58 स्थित साईं नगर में 19.90 लाख रुपये तथा वार्ड 16 में 19.40 लाख रुपये की लागत से होने वाले कुल चार सडक़ निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन सभी विकास कार्यों की कुल लागत राशि 39.30 लाख रुपये है।

इसके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 58 साईं नगर में जंघेल के घर से राजेंद्र के घर तक स्ट्रीट नंबर 7 में सीसी रोड निर्माण कार्य तथा विश्वकांत पांडे के घर से लक्ष्मी निवास तक आरसीसी रोड निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं वार्ड 16 में हिरेंद्र साहू के घर से धरसा रोड तक सीसी रोड निर्माण कार्य एवं महेंद्र साहू जी के घर से डीपीएस स्कूल की ओर तक सीसी रोड निर्माण कार्य किया जाएगा। इन चारों निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से दोनों वार्डों के नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की सडक़ संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी और वार्डों की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का संकल्प दुर्ग शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्यों को प्राथमिकता देना है।

पटरी पार क्षेत्र हो या शहर का अन्य वार्ड, जहां भी सडक़, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां नागरिकों की मांग और क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि शहरवासियों को बेहतर सडक़ें, सुगम आवागमन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। ताकि दुर्ग शहर के प्रत्येक वार्ड का समुचित एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके। साईं नगर एवं वार्ड क्रमांक 16 में सडक़ निर्माण कार्यों की सौगात मिलने पर क्षेत्रीय पार्षदों एवं नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर अलका बाघमार के प्रति आभार जताया।


अन्य पोस्ट