दुर्ग

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से बचने के समुचित उपाय करें-कलेक्टर
28-Oct-2026 9:20 PM
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से बचने के समुचित उपाय करें-कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अक्टूबर।
समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों को अवगत कराया कि मौसम विभाग द्वारा चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव और आने वाले दिनों में इससे और अधिक तीव्र होकर अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने के कारण 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इस संबंध में  मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार जिले में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बचने कारगर पहल किया जाए। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारी कर लिया जाए। नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को सक्रिय रखें। प्रभावित लोगों को ठहराने के लिए राहत केम्प स्थान की साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखें। नदी के किनारे प्रभावित गांवों में खाद्य विभाग द्वारा राशन दुकानों में खाद्यान्न की आपूर्ति करा ली जाए।
कलेक्टर ने कहा कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य एजेंसी विभाग किसी भी प्रकार की भुगतान लंबित न रखें। राशि भुगतान, बजट के कारण लंबित हो तो शासन स्तर से विभागीय मद में बजट की मांग किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित देयक का भी निराकरण कर संबंधितों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी यह ध्यान रखें कि दीपावली के पहले किसी भी प्रकार का भुगतान लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि विगत राज्योत्सव के लंबित देयक का भुगतान भी विभागों से होना है। सभी विभागीय अधिकारी इस पर विशेष ध्यान देवें।
कलेक्टर ने अवगत कराया कि आगामी दिनों में जिले में धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है। इस वर्ष 123 खरीदी केन्द्रों में धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अभी से इन केन्द्रों में समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिये। समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि प्रकरण निराकृत होने के पश्चात् इसे विलोपित करने कलेक्टर को फाईल प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने नगरीय निकाय भिलाई-3 चरोदा, जामुल एवं उतई में एसटीपी हेतु भूमि आबंटन कार्यवाही प्रगति लाने के निर्देश दिये।
 इसी प्रकार बंदोबस्त त्रुटि सुधार हेतु सबंधित तहसीलदार को आवश्यक जानकारी भू-अभिलेख शाखा को प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने जनशिकायत से संबंधित मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, सेवा सेतु पोर्टल एवं ई-समाधान से संबंधित शिकायतों का तत्परतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिये। बैठक में समग्र शिक्षा के कार्यों, स्कूली बच्चों का आधार सीडिंग, आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन योजना तथा विभिन्न स्कूलों और कालेजों में अध्ययनरत् विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।


अन्य पोस्ट