दुर्ग
भिलाई नगर, 24 अक्टूबर। पता पूछने के बहाने महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन झपटने वाले गिरोह के चार आरोपियों को पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 19.41 ग्राम गलाया हुआ सोना और वारदात में इस्तेमाल एक एक्टिवा व एक बाइक जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 8 अक्टूबर को पदुमनगर में शिव मंदिर के पास 75 वर्षीय बुजुर्ग दंपति को रोक कर आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने न केवल पदुमनगर की घटना, बल्कि 13 जनवरी को इंदिरा नगर में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला से की गई चेन स्नैचिंग की वारदात भी कबूल की।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज बढ़ाईक (खुर्सीपार), लक्ष्मण साहू (अहिवारा), कुलदीप सिंह (जामुल) और दीप सिंह उर्फ दीपक (कुम्हारी) शामिल हैं। आरोपियों ने लूटे गए जेवर रायपुर और डोंगरगढ़ के सराफा कारोबारियों को बेचना स्वीकार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।