दुर्ग
तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले 2 बंदी
24-Oct-2026 8:04 PM
Join WhatsApp Group 1 यहाँ क्लिक करे
भिलाई नगर, 24 अक्टूबर। सार्वजनिक स्थलों पर धारदार तलवार लहराकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को वैशाली नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो स्टील तलवारें और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संगम चौक, कैम्प-1 निवासी शुभम यादव (33) और प्रेमनगर कैम्प-1 निवासी नीरज कुमार सिंह (28) को अलग-अलग स्थानों से दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो धारदार स्टील तलवारें तथा मोबाइल बरामद हुए।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या अशांति फैलाने वालों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।
Join WhatsApp Group 2 यहाँ क्लिक करे