दुर्ग
संचालक व ठेकेदार पर एफआईआर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 अक्टूबर। चौकी अंजोरा (थाना पुलगांव) क्षेत्र अंतर्गत रसमड़ा स्थित जेडी स्टील इंडस्ट्रीज में फर्नेस ट्रायल के दौरान हुए एक हादसे में गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने संयंत्र प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्लांट संचालक और ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर को उस वक्त घटी जब प्लांट में इंडक्शन फर्नेस के ट्रायल का कार्य चल रहा था। ट्रायल के दौरान अचानक भारी मात्रा में खौलता हुआ पिघला मेटल फर्नेस से बाहर छलक गया। इसकी चपेट में आने से वहां कार्यरत मजदूर संतोष श्रीवास्तव (42 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि ट्रायल के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी और प्लांट संचालन में घोर उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया गया, जिसके चलते यह जानलेवा हादसा हुआ।
पुलिस ने मामले में जेडी स्टील इंडस्ट्रीज के निदेशक और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 289 एवं धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और संयंत्र में सुरक्षा मानकों की जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।