दुर्ग

सरकारी राशन की कालाबाजारी, 24 क्विंटल चावल के साथ एक बंदी
07-Oct-2026 9:19 PM
सरकारी राशन की कालाबाजारी, 24 क्विंटल चावल के साथ एक बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 7 अक्टूबर।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को बांटे जाने वाले सरकारी चावल की अवैध खरीद-बिक्री और भंडारण करने वाले एक आरोपी को वैशाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 60 बोरियों में भरा कुल 24 क्विंटल सरकारी चावल बरामद किया गया है।

खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर की शिकायत और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने राजीव नगर (वार्ड-19) निवासी सोहन चेलक (23) के मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित चावल मिला, जिसे नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक से जांच कराने के बाद शासकीय खाद्यान्न प्रमाणित किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी राशन कार्डधारियों से सस्ते दामों में चावल खरीदकर या अदला-बदली कर अपने घर में जमा करता था और फिर उसे ऊंचे दामों में खपाने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी पुलगांव थाने में आपराधिक मामला दर्ज है।


अन्य पोस्ट