दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 अक्टूबर। मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरि नगर स्थित एक पीजी में सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की चाकू मार हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कवर्धा निवासी चित्रेश सहारे के रूप में हुई है, जो यहां परीक्षा देने आया हुआ था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चित्रेश सोमवार दोपहर अपनी महिला मित्र और उसकी बहन के साथ हरि नगर स्थित पीजी में रहने वाले अपने दोस्त रवि से मिलने गया था। इसी दौरान पीजी में मौजूद वैभव मानकर और राजकुमार यादव नामक युवकों से सिगरेट मांगने की बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढऩे के दौरान आरोपियों ने युवक की महिला मित्र के साथ अभद्रता कर दी। चित्रेश ने जब इसका कड़ा विरोध किया तो बात गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच दोनों युवकों ने तैश में आकर चित्रेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल चित्रेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी में रखवाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी वैभव मानकर और राजकुमार यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।