दुर्ग

नेहरू नगर अंडर ब्रिज 10 नवंबर तक रहेगा बंद
06-Oct-2026 7:46 PM
नेहरू नगर अंडर ब्रिज 10 नवंबर तक रहेगा बंद

मरम्मत के चलते ट्रैफिक डायवर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 6 अक्टूबर। नेहरू नगर अंडर ब्रिज में आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते दुर्ग यातायात पुलिस ने आगामी 35 दिनों के लिए ट्रैफिक रूट तय कर दिया है।

ज्ञात हो कि 5 अक्टूबर से 10 नवंबर के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। इस दौरान नेहरू नगर चौक और सेक्टर को जोडऩे वाले दोनों मार्गों को बारी-बारी से बंद रखा जाएगा। पहले चरण में नेहरू नगर चौक से सेक्टर की ओर जाने वाला अंडर ब्रिज मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।

ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग

नेहरू नगर से सेक्टर जाने वाले वाहन चालक आवागमन के लिए ओवर ब्रिज मार्ग का उपयोग करेंगे। सुपेला व राधिका नगर के निवासी सेक्टर की ओर जाने के लिए सुपेला अंडर ब्रिज होकर निकल सकेंगे। सेक्टर से नेहरू नगर आने वाले अंडर ब्रिज से केवल दोपहिया वाहनों को गुजरने की अनुमति रहेगी।

चारपहिया और स्कूल बसों पर रोक

यातायात पुलिस के अनुसार, सेक्टर से नेहरू नगर की ओर आने वाली स्कूल बसों, ऑटो और सभी चारपहिया वाहनों का अंडर ब्रिज से प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को ओवर ब्रिज मार्ग का प्रयोग करना होगा, ताकि जाम की स्थिति न बने। यातायात पुलिस ने चालकों से अपील की है कि वे कार्यस्थल पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें, दिशा-संकेतों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।


अन्य पोस्ट