दुर्ग
पॉक्सो में केस दर्ज, डीएनए से होगा खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 अक्टूबर। दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नाबालिग से शारीरिक संबंध बनाने और प्रसव के बाद जिम्मेदारी से मुकरने का संगीन मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पितृत्व की पुष्टि के लिए नवजात और आरोपी का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
पीडि़ता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक करीब डेढ़ वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान एक अन्य नाबालिग लडक़े से हुई थी। लडक़े का उसके पड़ोस में आना-जाना था, जिससे दोनों में संपर्क बढ़ा और वे प्रेम संबंध में आ गए। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ देह संबंध स्थापित किए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
शुरुआत में शादी की सहमति देने के बाद आरोपी पारिवारिक दबाव का तर्क देकर अपने वादे से पीछे हट गया। पारिवारिक बिखराव के कारण पीडि़ता अपनी नानी के पास रह रही थी। हाल ही में जब उसने शिशु को जन्म दिया, तो आरोपी ने बच्चे को अपनाने से साफ इनकार कर दिया।
लाचार होकर पीडि़ता ने परिजनों संग थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब नवजात और आरोपी का डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी है, जिससे वास्तविकता का पता चल सके।