दुर्ग

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में हुईं शामिल
29-Sep-2026 3:44 PM
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में हुईं शामिल

 उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का सम्मान, मिलेट्स व्यंजनों की लगी प्रदर्शनी व बच्चों को न्योता भोज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 29 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग जिला दुर्ग द्वारा सेक्टर 7 पूर्व स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक और महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक उपस्थित रहे।

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे शासकीय योजनाओं और पोषण संबंधी जानकारियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने पोषण माह के महत्व, स्वच्छता तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में जनभागीदारी पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता खड़से, गुरमीत कौर, सहायिका कामिन साहू, डी. महालक्ष्मी, मितानिन शकुंतला तथा सहयोगी डुलेश्वरी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मिलेट्स (श्रीअन्न) से बने व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा बच्चों के लिए च्न्योता भोजज् का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक रेणुका श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू, पद्माजा सिन्हा, परियोजना अधिकारी अनीता सिंह, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट