दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 सितंबर। भारी बारिश से दुर्ग शहर में एक बार फिर जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। निचली बस्तियों में पानी भर गया। शहर के मार्ग भी पानी से लबालब हो गया। इसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
महाराजा चौक रोड, कन्हैया पुरी चौक, शासकीय प्राथमिक शाला झुग्गी पारा, पोटिया वार्ड की गलियां, कन्हैया पुरी जाने वाला मार्ग, गौरव पथ से सिविल लाइन जाने वाला मार्ग, गौरव पथ मुख्य मार्ग एवं एलआईसी ऑफिस के सामने, दुर्ग ग्रामीण विधायक निवास सिविल लाइन, पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम से पंचशील एकेडमी जाने वाला मार्ग जलमग्न हो गया। एचआईजी कॉलोनी के घरों में पानी भर गया। शंकर नगर वार्ड 9, 10 एवं 11, वार्ड 15 करहीडीह, वार्ड 54 पोटियाकला सहित पटरी पार क्षेत्र में कई जगहों पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम दुर्ग पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा। बारिश के दौरान शहर की जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा जलजमाव की स्थिति पर सतत निगरानी के लिए आयुक्त लीना कोसम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान आम नागरिकों तथा मूर्ति विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। आयुक्त लीना कोसम ने स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित निगम की टीम के साथ शिवनाथ नदी विसर्जन स्थल, पुलगांव चौक स्थित सामुदायिक भवन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सडक़ों, नालियों एवं जलनिकासी व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। जिन क्षेत्रों में जलजमाव की शिकायतें सामने आ रही थीं, आयुक्त स्वयं मौके पर पहुंचीं और वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर खड़े होकर नालियों की तल तक सफाई करवाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी नालियों में जलभराव अथवा पानी के बहाव में रुकावट है, वहां नालियों की तल तक सफाई कर जल निकासी का सुचारु प्रवाह सुनिश्चित किया जाए। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहें तथा संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। मालवीय नगर क्षेत्र में पेड़ गिरने की सूचना है।
बारिश के मौसम को देखते हुए नगर निगम की विशेष टीमों को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। शहर के अलग-अलग वार्डों में निगम की टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। जैसे ही जलजमाव अथवा पानी निकासी से संबंधित शिकायत प्राप्त होती है, टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। आयुक्त लीना कोसम ने मुख्य मार्गों के साथ-साथ निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। पानी निकासी के लिए सकर मशीन, जेसीबी मशीन सहित अन्य आवश्यक उपकरण पूरी तरह मुस्तैद हैं। कहीं से भी पानी जमा होने की सूचना मिलने पर तत्काल मशीनरी एवं टीम को मौके पर भेजकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जा रही है।