दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 सितंबर। लगातार हो रही बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण शिवनाथ नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ गया है। कुम्हारी थाना क्षेत्र के परसदा गांव में बाढ़ का पानी बस्तियों में घुस जाने से कई परिवार बुरी तरह घिर गए थे। नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम ने रात भर बचाव ऑपरेशन चलाकर 160 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
एसडीआरएफ और नगर सेना की टीम ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को मोटर बोट की मदद से सुरक्षित निकालकर राहत स्थलों तक पहुंचाया। राजनांदगांव के चार बैराजों से शिवनाथ नदी में 20,090 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। दुर्ग के महमरा एनीकट में पानी करीब 12 फीट ऊपर चल रहा है, वहीं तांदुला और खरखरा डैम भी ओवरफ्लो की स्थिति में हैं।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए शिवनाथ नदी के पुराने पुल के पास होने वाले गणेश विसर्जन कार्यक्रम को फिलहाल रोक दिया गया है। उतराई क्षेत्र में तेज बहाव के दौरान अपनी बाइक के साथ बहे लोकेशश्वर साहू को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया है।