दुर्ग
भाजपा ने दिया ‘हमन जीतबो’ का नारा, महापौर सहित सभी वार्डों में जीत का लिया संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी आगामी रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से छोटी-छोटी बैठकों के बाद मंगलवार को रिसाली के मैत्री कुंज स्थित आशीर्वाद भवन में बड़ी संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय की मुख्य उपस्थिति तथा जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता रही। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, दुर्ग जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, विधायक ईश्वर साहू, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष राकेश पांडेय, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, रिसाली नगर निगम चुनाव सह प्रभारी डॉ. श्वेता शर्मा, अंशु चंद्रवंशी, जिला महामंत्री दिलीप साहू एवं विनोद अरोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, वार्डवार रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनसंपर्क अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन की शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर भाजपा रिसाली नगर निगम चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार का मूल आधार विकास, सुशासन और जनकल्याण है। सरकार द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। सांसद विजय बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है। चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचे और केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह तैयार है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनावी तैयारियों को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा संगठन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। रिसाली नगर निगम क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से जनता के बीच रहकर सेवा का कार्य किया है। बैठक को छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष और नगर निगम चुनाव के प्रभारी अनुराग सिंह देव ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री दिलीप साहू एवं आभार जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार ने किया।