दुर्ग

शिवनाथ में डूबे युवक की 3 दिन बाद मिली लाश
23-Sep-2026 4:41 PM
शिवनाथ में डूबे युवक की 3 दिन बाद मिली लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 23 सितंबर। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा के भटगांव क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में मछली पकडऩे के दौरान डूबे 25 वर्षीय युवक का शव घटना के तीसरे दिन बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान जामुल के घासीदास नगर वार्ड नंबर 23 निवासी पवन कुमार ठाकुर (पिता अनिल कुमार ठाकुर) के रूप में हुई है। 

 पवन 20 सितंबर को शिवनाथ नदी में मछली पकडऩे गया था, इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू कर दिया था। नदी में तेज बहाव, अधिक गहराई और सीमित दृश्यता के कारण गोताखोरों को खोजबीन में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

इसके बावजूद टीम ने मोटर नाव, लाइफ जैकेट और सर्च हुक जैसे बचाव उपकरणों की मदद से लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाश जारी रखी। 

आखिरकार, तीन दिनों के अथक प्रयास के बाद मंगलवार 22 सितंबर को ग्राम डांड़ेसरा के पास शिवनाथ नदी से युवक का शव ढूंढ निकाला गया। एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित तरीके से शव को पानी से बाहर निकाला, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इसे स्थानीय पुलिस व परिजनों को सौंप दिया गया।  इस हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार तीन दिनों तक नदी किनारे अपने बेटे के मिलने का इंतजार करते रहे।


अन्य पोस्ट