दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 सितंबर। जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत राहुल पेट्रोल पंप पर ट्रक साइड लगाने की बात को लेकर हुए विवाद में चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी धनंजय शर्मा 21 सितंबर की रात करीब 10 बजे डीजल भरवाने राहुल पेट्रोल पंप पहुंचे थे। वहां पहले से खड़े ट्रक क्रमांक सीजी-04 क्यूबी 1851 को हटाने को लेकर उनके चालक नितीश कुमार का दूसरे ट्रक के चालक व हेल्पर से विवाद हो गया। गाली-गलौज के बीच हेल्पर ने मारपीट शुरू कर दी और चालक लखविंदर सिंग उर्फ पिन्टु ने धारदार हथियार से नितीश के सिर पर वार कर दिया।
धनंजय की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी लखविंदर सिंग उर्फ पिन्टु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार हथियार जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले में फरार हेल्पर जसनदीप सिंग की तलाश की जा रही है।