दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 सितंबर। जामुल पुलिस ने संदिग्धों और निगरानी बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुख्यात गुंडा बदमाश जावेद हुसैन को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन स्थाई वारंटियों को भी दबोचा है।
पुलिस के अनुसार कल सुबह जामुल थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों, मादक पदार्थों और बदमाशों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान घासीदास नगर स्थित बॉम्बे आवास के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे जावेद हुसैन (34 वर्ष) निवासी ब्लॉक-आई, क्वार्टर नंबर 26 भिलाई को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से लोहे का धारदार हथियार बरामद हुआ।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी इलाके का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ पूर्व से मारपीट के 2, हत्या के प्रयास का 1 और बलात्कार का 1 गंभीर मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में ले लिया है। इसी तरह जामुल थाना क्षेत्र के रहवासी तीन वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया है।