दुर्ग

दुर्ग ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा एड्स जागरूकता अभियान
22-Sep-2026 2:45 PM
दुर्ग ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा एड्स जागरूकता अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 22 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से प्रतिज्ञा विकास संस्थान (संपर्क कार्यकर्ता योजना, दुर्ग) द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एचआईवी/एड्स एवं यौन संचारित संक्रमण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्राम सभाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी केंद्रों और गृह भ्रमण के माध्यम से लोगों को संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव एवं जांच की जानकारी दी जा रही है। संस्था द्वारा प्रचार-प्रसार सामग्री, नुक्कड़ नाटक और स्वास्थ्य शिविरों के जरिए नि:शुल्क एचआईवी और वीडीआरएल जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान के दौरान एचआईवी संक्रमण के मुख्य कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। संक्रमण के मुख्य कारण: असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई का उपयोग, असुरक्षित रक्त आधान और संक्रमित गर्भवती मां से बच्चे में संक्रमण का प्रसार। बचाव के उपाय: सुरक्षित यौन संबंध, हर बार नई सुई का उपयोग, लाइसेंस प्राप्त ब्लड बैंक से ही जांचा हुआ रक्त लेना तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा समुदाय आधारित जांच की जा रही है और वयस्कों को नियमित अंतराल पर जांच कराने की सलाह दी जा रही है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन और राज्य समिति के इस जन-जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी एचआईवी स्थिति की जानकारी देना है। इसके अलावा, एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव रोकने के लिए एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों व अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

 

पर्यवेक्षक ममता बंजारे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव के निर्देश, परियोजना संचालक आर.एस. मिश्रा एवं जिला स्रोत व्यक्ति विनय द्विवेदी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। कार्यक्रम में निगरानी एवं मूल्यांकन अधिकारी रेवाराम देशमुख, पर्यवेक्षक नरेंद्र देवदास एवं संपर्क कार्यकर्ता शामिल हैं।


अन्य पोस्ट