दुर्ग
अब तक 57 मिलर्स ने कस्टम मिलिंग के लिए करा चुके पंजीयन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 दिसंबर। पिछले साल के कस्टम मिलिंग का 70 प्रतिशत चावल जमा कर चुके मिलर्स ही जारी खरीफ विपणन वर्ष के लिए पंजीयन करा सकेंगे। पिछले साल जिले में 149 मिलर्स ने कस्टम मिलिंग के लिए धान उठाव किया था, इनमें से 82 मिलर्स ही 70 प्रतिशत या इससे अधिक कस्टम मिलिंग का चावल जमा किया है।
इन मिलर्स में से अब तक 57 ने जारी खरीफ विपणन वर्ष के धान की कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन करा चुके हैं। जानकारी के अनुसार जिले में खरीफ वर्ष 2024-25 में कस्टम मिलिंग का कुल 649459 टन चावल का लक्ष्य था इसके लिए कुल 957165 टन धान उठाव का लक्ष्य था, जिसके विरुद्ध जिले के 149 मिलर्स द्वारा 946323 टन धान उठाव किया गया था। इसके अनुसार धान उठाव करने वाले इन मिलर्स को कुल अनुपातिक चावल 642141 टन जमा करना है मगर अब तक कुल 444871 टन चावल जमा हो पाया है। अभी भी पिछले साल धान उठाव करने वाले 149 मिलर्स द्वारा कस्टम मिलिंग का 197270 टन चावल जमा करना बाकी है अर्थात अब तक कुल जमा योग्य अनुपातिक चावल 69 प्रतिशत जमा हो पाया है।
जानकारी के अनुसार एफसीआई में उठाव किए धान का कुल अनुपातिक चावल 505798 टन जमा किया जाना है मगर अब तक 312475 टन चावल ही एफसीआई में जमा हो पाया है जो कुल जमा योग्य चावल का मात्र 62 प्रतिशत है। वहीं नान में कुल 136348 टन चावल जमा किया जाना है जिसके विरुद्ध 132396 टन चावल जमा हो गया, जो नान को कुल जमा योग्य चावल का 97 प्रतिशत है। डीएमओ राहुल कुमार का कहना है कि समय पर कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स को नोटिस जारी किए हैं। वहीं जारी वर्ष के लिए जो मिलर्स पिछले साल का 70 प्रतिशत चावल जमा कर चुके हैं उन्हीं का पुन: पंजीयन कर रहे हैं।


