दुर्ग
अनैतिक गतिविधियों को लेकर की गई थी सामाजिक बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 दिसंबर। कोतवाली थाना अंतर्गत सिद्धार्थ नगर में सोमवार शाम एक सामाजिक बैठक के दौरान विवाद हो गया। इस दौरान एक परिवार की महिलाओं ने कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया, एवं नुकीली वस्तुओं से वार कर मारपीट की। इससे तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस ने सभी आरोपी संजोग सूर्या, दीक्षा सूर्या तथा सहेलियां पलक ठाकुर, भूरी उर्फ आइशा कास्या एवं दो नाबालिग बालिका को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351 (3), 115 (2), 191 (2), 124 (2), 133 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
प्रार्थी हरिशंकर मनहरे (45) ने पुलिस को बताया कि उनके मोहल्ले के निवासी संजोग सूर्या, उनकी तीन बेटियां और उनकी दो सहेलियां लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों में लिप्त थे। समाज के लोगों ने पहले भी उन्हें समझाया था, लेकिन कोई सुधार नही हुआ था।
इसी मामले को लेकर 1 दिसंबर की शाम 7 बजे काली मंदिर प्रांगण में एक सामाजिक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमे संजोग सूर्या को बुलाया गया था। पुलिस ने बताया कि समझाइश देने पर संजोग सूर्या वहां पर पहुंची उनकी बेटियां व सहेलिया भडक़ गईं।
लोगों के साथ गाली-गलौज, मारपीट की। नुकीली वस्तुओं से हमला किया और अचानक टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया। हरिशंकर मनहरे को पेट और सिर के पीछे चोटें आईं। निलेश साण्डेकर की दाहिनी आंख और सोनी कुण्डे की बायीं आंख में जलन और तेज दर्द हुआ।
लोगों ने पुलिस को बताया कि स्थिति अचानक बिगड़ गई थी और महिलाओं की ओर से हमला आक्रामक था। भीड़ में दहशत फैल गई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच में जुटी हुई है।


