दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 दिसंबर। रजिस्ट्री शुल्क बढ़ाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जमीन कारोबारियों पर पुलिस ने आज जमकर लाठी बरसाई। चक्काजाम के लिए अड़े प्रदर्शनकारियों की ओर से पानी पाउच फेंकने पर मामला बिगड़ गया। अंतत: पुलिस ने लाठी चार्ज करते हुए प्रदर्शन कर रहे लोगों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। वहीं इसमें शामिल 8 लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार जमीन रजिस्ट्री शुल्क में भारी वृद्धि के विरोध जमीन कारोबारी पिछले पांच दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी दोपहर ढाई बजे प्रदर्शन स्थल हिन्दी भवन के सामने से पटेल चौक की ओर चक्का जाम करने मनोज राजपूत के नेतृत्व में आगे बढ़ें तभी बीएसएनएल आफिस के सामने पुलिस ने उन्हें रोक ली। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी बिना अनुमति आंदोलन कर रहे थे और चक्काजाम करने जिद कर रहे थे, जिन्हें एडीएम, एडीशनल एसपी, एसडीएम ने उन्हें समझाइश देने प्रयास किया मगर वे नहीं माने उल्टे पुलिस के साथ हाथापाई करने लगे।
रजिस्ट्री शुल्क बढ़ाने के विरोध में 24 नवम्बर की शाम जमीन कारीबारी ज्ञापन सौंपने कलेक्टोरेट जा रहे थे जिन्हें कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य द्वार के सामने रोक दिया गया था जहां वे नारेबाजी करने लगे। जिला प्रशासन की ओर से द्वार पर ही उनका ज्ञापन लिया गया। इसी बीच एक भाजपा नेता के परिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे प्रदेश भाजपा नेता की गाड़ी सामने रास्ते से जाते देख अचानक ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल लोगों ने उनकी गाड़ी के सामने आकर उन्हें घेर लिया था। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि शासन द्वारा रजिस्ट्री शुल्क बेतहाशा बढ़ाई गयी है इससे आम नागरिकों को बहुत ही परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।


