दुर्ग

धान खरीदी की धीमी गति से किसान परेशान
01-Dec-2025 8:19 PM
धान खरीदी की धीमी गति से किसान परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 1 दिसंबर। धान खरीदी की धीमी गति से किसान परेशान हैं। खरीदी लिमिट 5 हजार कट्टा करने की मांग को लेकर उपार्जन केन्द्रों पर किसान प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन की बैठक में किसानों ने लिया।

किसान संगठन की बैठक में धान खरीदी की धीमी गति से किसानों को होने वाली परेशानियों को किसानों ने कहा कि वर्तमान में शासन द्वारा केंद्रों के लिए धान खरीदी का लिमिट 2 हजार कट्टा निर्धारित किया गया है। जिससे किसानों को 31 जनवरी 26 तक पूरा धान खरीदी होने पर शंका है। बैठक में धान खरीदी की लिमिट प्रतिदिन बढ़ाकर 5 हजार कट्टा करने की मांग की गई है। किसानों ने सरकार को आगाह किया है कि यदि मंगलवार तक धान खरीदी का लिमिट नहीं बढ़ाया गया तब किसान बुधवार से खरीदी केन्द्रों में प्रदर्शन करेंगे।

 बैठक में केसीसी ऋण के एवज में किसानों की जमीन बैंकों द्वारा बंधक बनाये जाने पर नाराजगी जताई गई। इसके विरोध में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। शासन ने खरीदी केन्द्रों के बफर लिमिट को पिछले साल की तुलना में बढ़ाकर दो गुना कर दिया है और बढ़ी मजदूरी का बोझ किसानों की समितियों पर डाल दिया गया है। केंद्रों में सीमित जगह होने के कारण तौल में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। किसानों ने बफर लिमिट पूर्व के अनुसार निर्धारित करने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन की बैठक तीर्थराज पैलेस दुर्ग में आयोजित हुई बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए तहसील, ब्लाक और जिला स्तरीय सांगठनिक सम्मेलन धान खरीदी पूरा होने के बाद फरवरी 2026 में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जिसके अनुसार बुधवार 4 फरवरी को दुर्ग ब्लाक स्तरीय सम्मेलन मिनिमाता चौक दुर्ग में होगा।

इसी प्रकार अहिवारा का तहसील स्तरीय सम्मेलन 7  को नंदनी टाउनशिप, धमधा तहसील स्तरीय सम्मेलन 11 को दारगांव, बोरी तहसील स्तरीय सम्मेलन 13 को बोरी और धमधा ब्लाक स्तरीय सम्मेलन 24 फरवरी को गंडई चौक धमधा में आयोजित किया जाएगा। बैठक में सहज कुमार सोनवानी, केशव देशमुख, गवेंद्र साहू शामिल हुए।


अन्य पोस्ट