दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 नवंबर। जिला कांग्रेस में जान फूंकने की जिम्मेदारी पार्टी हाईकमान ने युवाओं के कंधे पर दी है। अल्प समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर सुर्खियों में रहने वाले एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी राकेश ठाकुर को पुन: दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। वहीं दुर्ग शहर में जहां वोरा की पसंद को तरजीह मिलती रही है वहां पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल को अध्यक्ष बनाया गया है। श्री बाकलीवाल की भूपेश के पसंद बताए जा रहे हैं।
दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कुछ माह पूर्व पहली बार जिम्मेदारी मिलने के बाद से राकेश ठाकुर लगातार राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इससे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सक्रियता आई है। श्री ठाकुर खाद, बीज, बिजली बिल, गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को घेर रहे हैं। उनकी इन्हीं सक्रियता व भूपेश बघेल के करीबी होने की वजह से उनका पुन: अध्यक्ष बनना पहले से तय माना जा रहा था। राकेश ने जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में तेज तर्रार नेता के रूप में छबि बनाई, तब से लेकर अब तक उनके तेवर में कोई बदलाव नहीं आया है और वे अभी भी विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा के खिलाफ आक्रमक रुख बनाए हुए हैं, जिसकी वजह से उन्हें पुन: दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पद का दायित्व मिला है।
दुर्ग शहर जिला कांग्रेस में पूर्व उपाध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष का दायित्व निभा चुके धीरज बाकलीवाल वोरा परिवार का दामन संभाल महापौर बने। उन्होंने महापौर के रूप सधे हुए अंदाज में पार्टी कार्यकर्ताओं व शहर के लोगों के बीच पकड़ बनाने प्रयास किया। वहीं दूसरी ओर दुर्ग शहर कांग्रेस को मजबूत अध्यक्ष नहीं मिलने से कई अरसे से यहां कांग्रेस संगठन बिखरा हुआ है। दशकों से शहर में वोरा परिवार के रिमोट वाले अध्यक्ष रहे हैं। ऐसे में पार्टी को नए चेहरे की तलाश थी जो स्वतंत्र रूप से कार्य करते हुए मजबूत संगठन खड़ा करे।
बताया जाता है महापौर रहते धीरज बाकलीवाल व पूर्व विधायक वोरा के बीच वर्चस्व को लेकर दूरियां बढऩे लगी। माना जाता है कि श्री बाकलीवाल कुछ अरसे से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीब आ गए और उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी ठोक दी। शहर अध्यक्ष के लिए नए चेहरे तलाश रहे कांग्रेस व भूपेश के लिए धीरज भी पसंद बन गए और उन्हें अब बिखरी बिखरी कांग्रेस को एकजुट करने दुर्ग शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
धीरज का कहना है कि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनकी पहली प्राथमिकता सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर मजबूत संगठन तैयार करना है। इसमें बूथ लेवल तक ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोडऩे प्रयास किया जाएगा। वहीं भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे। साथ ही इन्हें आम जनता के सामने भी लाकर उन्हें कांग्रेस से जोडक़र कांग्रेस को मजबूती दिलाएंगे।


