दुर्ग

नए बारदाने का मानक सही नहीं होने का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा
19-Nov-2025 9:29 PM
नए बारदाने का मानक सही नहीं होने का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 नवंबर।
 नए बारदाने का मानक सही नहीं होने का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। कहीं कहीं नए बारदाने में पूरा 40 किलो धान नहीं आने पर किसानों से कई केन्द्रों में खरीदी के लिए अनाकानी किया जा रहा है। इसकी वजह से बेवजह किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। वहीं इस संबंध में जानकारी डीएमओ ( मार्कफेड के अधिकारी) को फोन करने पर घंटी जाने के बावजूद रिसिव भी नहीं किए जा रहे हैं।
पाटन क्षेत्र के एक समिति में नए बारदाने में 40 किलो धान नहीं आने पर इसे लेने से इंकार करते शाम तक रोके रखा गया। इससे सुबह से गए किसान परेशान होता रहा। तब किसान ने उसी धान को पुराने बारदाने में पलटी करने पर पूरा धान आ गया तब पुन: इसे नए बारदाने में पलट कर बोरा को थोड़ा पटकने पर पूरा धान आने पर उस किसान के धान की खरीदी की गई। वहीं किसान का कहना है पूर्व वर्षों में ऐसी स्थिति बनने पर नए बारदाने लगभग आधा किलो धान पुराने बारदाने में भर दिए जाते थे।
वहीं धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े एक अधिकारी का भी कहना है कि नया बारदाना चिपका होने के कारण पूरा धान नहीं आ पाता है। दूसरी ओर एक सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी ने खुद कहा नए बारदाने का मानक सही नहीं होने के कारण पूरा 40 किलो धान लेने पर सिलाई के लिए जगह नहीं बनती है। इस संबंध में पहले भी अवगत करा चुके हैं। मजबूर नए बारदाने से 7-8 सौ ग्राम धान निकालना पड़ रहा है। वहीं इस संबंध डीएमओ को फोन करने पर उन्होंने फोन रिसिव नहीं किया।
जानकारी के अनुसार जिले के 102 में से 9 समितियों में अब तक धान खरीदी शुरू ही नहीं हुई। जिले के 93 उपार्जन केन्द्रों में अब तक 1322 किसानों से 68971 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। आज 776 टोकन पर 39279 क्विंटल धान की खरीदी हुई।
वहीं बुधवार को धान खरीदी के लिए 879 टोकन जारी हुई इसमें कुल 48197 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। वैसे तो समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो गई मगर करंजा भिलाई में धान खरीदी आज शुरू हो पाई जहाँ आज 610 क्विंटल धान की खरीदी की गई इस दौरान समिति के प्राधिकृत अधिकारी दिलीप वर्मा व क्षेत्र के किसान मौजूद थे।


अन्य पोस्ट