दुर्ग
इस वर्ष 6.16 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 नवंबर। जिले के 102 में से 68 उपार्जन केन्द्रों में किसी किसान ने पहले दिन धान विक्रय के लिए टोकन नहीं लिया है। धान खरीदी के लिए जिले में अब तक 112446 किसान पंजीकृत है। इन किसानों से इस वर्ष 6.16 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है जबकि गत वर्ष कुल 5.76 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई थी। जानकारी के अनुसार जिले में धान खरीदी के पहले दिन से ही खरीदी शुरू हो जाएगी। जिले में पहले दिन धान विक्रय करने 34 उपार्जन केन्द्रों में 116 किसानों को टोकन जारी हुआ है। इन किसानों से 6678 क्विंटल धान खरीदी संबंधित उपार्जन केन्द्रों में की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक जिले में गत वर्ष 106624 किसानों ने 111025 हेक्टेयर का धान समर्थन मूल्य पर विक्रय किया था। खरीफ वर्ष 2025-26 में धान विक्रय के लिए कुल रकबा 112255 हेक्टेयर पंजीकृत है। इनमें 111827 हेक्टेयर का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन हो पाया है। वहीं छूट प्राप्त वर्ग का रकबा 517 हेक्टेयर है। इसी तरह गत वर्ष धान विक्रय के लिए कुल पंजीकृत खसरे 436399 थे। इस वर्ष पंजीकृत खसरों की संख्या 452469 है।
सहकारी समिति कर्मचारियों एवं धान खरीदी में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल के चलते इस बार सर्विस प्रोवाइडर निजी कंपनी की मदद लेनी पड़ रही है। मार्कफेड ने उपार्जन केन्द्रों में कंप्यूटर आपरेटर नियोजन के लिए एक निजी कंपनी को अधिकृत किया है।
15 नवम्बर को उपार्जन केन्द्रों में उन्ही के कंप्यूटर आपरेटर मोर्चा संभालेंगे। इधर सहकारी समिति कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज चौदहवें दिन भी जारी रही। उनके साथ कंप्यूटर आपरेटर भी हड़ताल पर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि सरकार उनकी चार सूत्रीय मांगों पर तत्काल ठोस पहल करे।


