दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 4 नवंबर। नगर की एक मात्र साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था ऋतम्भरा साहित्य मंच द्वारा रविवार को दीपावली मिलन एवं सरस काव्य गोष्ठी का आयोजन प्रेस क्लब सभागार में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रामाधार शर्मा उपस्थित थे। अध्यक्षता नारायण वर्मा ने की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती को दीप प्रज्वलित कर पूजा पाठ किया गया इसके पश्चात मुख्य अतिथि रामाधार शर्मा ने उपस्थित सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विगत 38 वर्षों से ऋतम्भरा साहित्य समिति नगर में साहित्य सेवा में जुटी हुई है। इस लंबे अंतराल में संस्था द्वारा प्रदेश स्तर पर कई महत्वपूर्ण साहित्यिक आयोजन किये गए जो अबतक अनवरत चल रहे हैं।
संस्था में आज भी कई वरिष्ठ साहित्यकार लगातार लिख पढ़ रहे हैं कई रचनाकारों की अपनी कृति का प्रकाशन हो चुका है। इस लंबी यात्रा में कई युवा रचनाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अध्यक्ष नारायण वर्मा ने कहा कि नगर के लिए यह गौरव की बात है कि यह साहित्यिक संस्था लगातार युवा एवं वरिष्ठ साहित्यकारों को साथ लेकर चल रही है समय समय पर प्रकाशित कृतियों का विमोचन सम्मान एवं संस्था के द्वारा संग्रह का प्रकाशन भी किया जाता रहा है।
कोषाध्यक्ष विक्रम शाह ठाकुर ने आगामी जनवरी 2026 को वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह हेतु प्रस्ताव रखा जिसे सभी ने ध्वनिमत से अपनी सहमति प्रदान की। इसके पश्चात उपस्थित सभी रचनाकारों ने अपनी अपनी रचनाओं का पाठ किया जिनमे मुख्य रूप से डॉ. नीलकंठ देवांगन, लखनलाल साहू, कामता प्रसाद दिवाकर, जगन्नाथ निषाद, प्रियर्सन देव, नरेश विश्वकर्मा, रामाधार शर्मा, विक्रम शाह ठाकुर, नारायण वर्मा, रघुनाथ देशमुख, बैकुंठ महानंद, बिसरुराम कुर्रे एवं ध्रुव नायक शामिल थे। कार्यक्रम का सफल संचालन नरेश विश्वकर्मा ने किया आभार प्रदर्शन विक्रम शाह ठाकुर ने किया। इस अवसर पर संस्था के साहित्यकारों सहित दूर दराज से आए रचनाकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


