दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अक्टूबर। भारती आयुर्वेद महाविद्यालय के द्वितीय व्यावसायिक के छात्रों ने शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मानस रंजन होता एवं उप प्राचार्य डॉ. अमीय भोंसले के मार्गदर्शन में किया।
शैक्षणिक परिभ्रमण का उद्देश्य छात्रों को आयुर्वेदिक चिकित्सा, अनुसंधान और फार्मास्यूटिकल प्रक्रियाओं से प्रत्यक्ष साक्षात्कार कराना था। इस दौरान छात्रों ने शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के हर्बल गार्डन, आयुर्वेद फार्मेसी, ड्रग्स टेस्टिंग लैबोरेटरी और अनुसंधान केंद्र का भ्रमण किया और विभिन्न आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों, औषधियों के निर्माण तथा उनका परीक्षण करने की प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा, साथ ही साथ छात्रों ने रस शास्त्र, भैषज्य कल्पना विभाग, एवं द्रव्यगुण विज्ञान विभाग में आयोजित सत्रों में भाग लेकर आयुर्वेदिक सिद्धांतों और आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
छात्र समूह के साथ इस शैक्षणिक भ्रमण में संकाय सदस्य डाक्टर शुभा तिवारी, डॉ. दीपमाला बंजारे, डॉ. रामेश्वर थवाईत, डॉ. अंकुर महाजन, डॉ. दीपेश चंद्रौल एवं गोविंद देशमुख उपस्थित रहे। इस उपक्रम से छात्रों ने न केवल शैक्षणिक ज्ञान अर्जित किया, बल्कि आयुर्वेदिक चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया। साथ ही छात्रों के आयुर्वेदिक शिक्षा और अनुसंधान के प्रति उनकी रूचि एवं उत्साह में अभिवृद्धि की।


