दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 सितंबर। सतनामी आश्रम, सिविल लाइन दुर्ग में विगत दिवस भूपेश विचार मंच छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा छत्तीसगढ़ी महापुरुषों की स्मृति में गरिमामयी ‘पितर नेवता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि गुरू घासीदास बाबा जी के तैलचित्र एवं जैतखाम की पूजा-अर्चना से किया गया। इसके पश्चात उपस्थितजन ने महापुरुषों के तैलचित्रों पर दीप प्रज्वलित कर विधिवत तर्पण, अर्पण एवं समर्पण पूजन किया। मंच के अध्यक्ष संजय देशमुख, महासचिव रायसिंह ढिकोला एवं संयोजक मोहन हरमुख ने अतिथि संस्कार कर सभी का स्वागत किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व विधायक अरूण वोरा, सांसद प्रत्याशी राजेन्द्र साहू, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, प्रेमलता साहू, राजेन्द्र हरमुख, कौशल वर्मा एवं टिकेश्वरी देशमुख सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने महापुरुषों की स्मृति में अपने विचार व्यक्त किए और इस आयोजन की सराहना की। मुख्य अतिथि भूपेश बघेल ने आत्मानंद, खूबचंद बघेल, चंदूलाल चंद्राकर, बिसम्मर यादव मरहा, दाऊ मंथरा तथा दाऊ रामचंद साहू जैसे महान विभूतियों का स्मरण करते हुए कहा जो समाज अपने पितरों और महापुरुषों को भूल जाता है, वह अपना अस्तित्व खो देता है। हमारे पूर्वज समाज और देश को राह दिखाने, उदाहरण प्रस्तुत करने और चुनौतियों से आगाह करने के लिए आते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच प्रमुख संजय देशमुख ने की। संचालन मंच के महासचिव रायसिंह ढिकोला ने किया, जबकि मार्गदर्शन मोहन हरमुख ने प्रदान किया। मंच संचालन महेन्द्र सिन्हा द्वारा तथा आभार प्रदर्शन छत्रपाल गायकवाड़ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पूर्व साड़ा अध्यक्ष लक्ष्मण चंद्राकर, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, भिलाई रिसाली नगर निगम महापौर शशि सिन्हा, मातृ संघ के प्रदेशाध्यक्ष तेज बहादुर बंछोर, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, झमिता गायकवाड़, प्रवीण परगनिया सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


