दुर्ग

एजेंडा का बुकलेट सदन में फेंककर जिपं सामान्य सभा से वॉकआउट, बैठक स्थगित
23-Sep-2025 11:04 PM
एजेंडा का बुकलेट सदन में फेंककर जिपं सामान्य सभा से वॉकआउट, बैठक स्थगित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 सितंबर। सामान्य सभा में प्रस्ताव के बावजूद महीनों बाद भी प्रधानमंत्री सडक़ योजना के अधिकारियों ने जांच कमेटी नहीं बनाई इससे बिफरे दुर्ग जिला पंचायत संचार संकर्म समिति सभापति जितेन्द्र यादव ने एजेंडा का बुकलेट सदन में फेंककर सामान्य सभा बैठक से वॉकआउट कर दिया। उनके पीछे जिला पंचायत अध्यक्ष व अन्य सदस्य भी बैठक छोड़ बाहर आ गए। इससे जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक बीच में ही दोपहर सवा दो बजे स्थगित कर दी गई। मामला प्रधानमंत्री सडक़ में बिना संशोधन स्वीकृत सडक़ की बजाय अन्य की निर्माण का है। इस पर आज चर्चा के दौरान विभाग के ईई की अनुपस्थिति पर भी सदस्यों ने रोष जताया।

सभापति यादव ने  बैठक में विभाग की समीक्षा के दौरान मौजूद विभागीय अधिकारी से पूछा कि प्रधानमंत्री सडक़ योजना के तहत नवागांव से करेली तक सडक़ निर्माण स्वीकृत हुआ था मगर विभाग द्वारा इसमें बिना संशोधन किए करेली से पुरदा तक सडक़ निर्माण कर दिया गया। मामले में सामान्य सभा बैठक में तीन माह पूर्व जांच कमेटी गठित करने का प्रस्ताव लिया गया था। जुलाई माह से हर बैठक में यह मुद्दा रखा जा रहा है। 1 सितंबर को आयोजित संचार संकर्म समिति की बैठक में भी विभागीय अधिकारी को 4 सितंबर तक जांच कमेटी गठित करने निर्देशित किया था।

उन्होंने विभागीय अधिकारी से जानना चाहा कि क्या जांच कमेटी गठित की गई है। इस पर बैठक में मौजूद अधिकारी उन्हें जानकारी नहीं दे पाए। वहीं विभाग का ईई भी बैठक में मौजूद नहीं था जिसे लेकर श्री यादव भडक़ गए। नाराज जितेन्द्र यादव ने सदन में एजेंडा का बुकलेट फेंकते हुए कहा कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक वे सदन में नहीं आएंगे।

साथ ही उन्होंने यह भी चेवावनी दे डाली कि कार्रवाई नहीं होने पर 3-4 दिन में वे जिला पंचायत परिसर में टेंट लगाकर प्रदर्शन करेंगे। तब संभालना मुश्किल हो जाएगा। ऐसा कहकर वे सभाकक्ष से बाहर आ गए उनके समर्थन में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे एवं सभी सभापति भी उनके पीछे पीछे बाहर आ गए। आखिर में विपक्षी कांग्रेसी जिला पंचायत सदस्यों के भी बाहर आने पर बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी गई जबकि बैठक के 7-8 अन्य एजेंडों पर चर्चा बाकी था। इसके पूर्व शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारी ने जानकारी दी कि स्कूली बच्चों को शासन द्वारा नि:शुल्क वितरण किए जाने वाले 25000 हजार पुस्तकें अब तक शासकीय स्कूलों में नहीं पहुंची है।
इस पर पाटन विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू, सदस्य दानेश्वर साहू, देवेंद्र चंद्रवंशी आदि ने रोष जताते हुए कहा कि अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई अब तक पुस्तकें नहीं पहुंची। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वार्षिक परीक्षा शुरू होने पर भेजेंगे। इसी प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला आगार शिक्षक विहीन होने पर सदस्य दानेश्वर ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया। वहीं एकल शिक्षकीय स्कूल परसदा, सिरना भाठा, खपरी आदि एवं स्कूलों के जर्जर शौचालय का मुद्दा भी उठा।
बैठक में विपक्ष के कांग्रेसी जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि वे जनता द्वारा सीधे निर्वाचित जन प्रतिनिधि है। इसके बावजूद पिछले दिनों खेल विभाग द्वारा आयोजित पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के आमंत्रण पत्र में कांग्रेसी सदस्यों का अतिथि के रूप में नाम नहीं था। वहीं विभाग ने भाजपा पदाधिकारियों का नाम अतिथि के रूप में रखा था। इसी प्रकार बरहापुर, नवागांव, बोरी के साइकल वितरण में भी यही स्थिति थी। कांग्रेसी सदस्यों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारी को नोटिस जारी करने प्रस्ताव लेने मांग की बैठक में अमानक खाद बीज, गौधाम योजना स्टेडियम निर्माण का भी मुद्दा उठा।


अन्य पोस्ट