दुर्ग

5 सदस्यीय दल पहुंचेंगे हर घर-दुकान तक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई चरौदा, 24 अगस्त। नगर निगम भिलाई चरौदा क्षेत्र में संपत्तिकर एवं अन्य करों के वास्तविक मूल्यांकन के लिए डोर-टू-डोर सर्वेक्षण की शुरुआत की जा रही है। महापौर निर्मल कोसरे एवं निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत के निर्देशानुसार यह अभियान आगामी सोमवार से शुरू होगा। इस उद्देश्य के तहत सभी 40 वार्डों में राजस्व विभाग की टीमें घर-घर जाकर संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करेंगी।
नगर निगम के अनुसार, यह सर्वेक्षण निगम को प्राप्त हो रहे राजस्व में पारदर्शिता एवं वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। वर्तमान में जो कर वसूली हो रही है, वह नागरिकों द्वारा पहले दिए गए संपत्ति विवरण (स्वविवरणी) के आधार पर की जा रही है। लेकिन अब संपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन (री-असेसमेंट) कर वास्तविक स्थिति के अनुसार कर निर्धारण किया जाएगा।
राजस्व प्रभारी एवं महापौर परिषद सदस्य श्री मोहन साहू ने जानकारी दी कि सर्वेक्षण दलों का गठन कर लिया गया है। प्रत्येक दल में 5 कर्मचारी शामिल होंगे, जो आगामी एक माह के भीतर वार्डों में भवन, दुकान एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण पूर्ण करेंगे। इससे निगम को वर्तमान कर संग्रह की स्थिति स्पष्ट होगी और संभावित राजस्व वृद्धि का भी आकलन किया जा सकेगा।
महापौर कोसरे ने कहा कि राजस्व डाटा की अद्यतन एवं वास्तविक जानकारी प्राप्त होने के बाद ही शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं पर ठोस निर्णय लिए जा सकेंगे। यह सर्वे आगामी कर निर्धारण के लिए आधार बनेगा।निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत द्वारा सभी 40 वार्डों के लिए अलग-अलग सर्वेक्षण दलों का गठन कर आदेश जारी कर दिया गया है।
साथ ही क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे सर्वेक्षण के दौरान निगम कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें ताकि कार्य निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।