दुर्ग

बुजुर्ग महिला डिजिटल अरेस्ट 22 लाख की ऑनलाईन ठगी
06-Jul-2025 6:37 PM
  बुजुर्ग महिला डिजिटल अरेस्ट 22 लाख की ऑनलाईन ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

दुर्ग, 6 जुलाई। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला डिजिटल अरेस्ट की शिकार हो गई। मुंबई से अज्ञात कॉलर ने बुजुर्ग महिला के खाते में 6 करोड़ से ज्यादा के हवाला होने का डर दिखाया। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति से बात कराई। 

गिरफ्तारी से बचाने के एवज में 22 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। इस मामले में बुजुर्ग महिला की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार जोन 1 न्यू आदर्श नगर दुर्ग निवासी सुभाषिनी जैम्स (79) ने शिकायत दर्ज कराई  कि 1 जुलाई 2025 की सुबह 9 उन्हें वाट्सएप काल आया। कॉलर ने अपने आप को मुम्बई पुलिस स्टेशन से सीबीआई आफिसर बताया। उसने कहा कि किसी ने आपके आधार कार्ड से आपके खातामें हवाला का 6 करोड़ 80 लाख जमा किया है। आपको पुलिस गिरफ्तार करेगी आपको इन्वेस्टीगेशन के लिए मुम्बई आना होगा बोला। 

यह सुनकर बुजुर्ग महिला डर गई और कहा कि वह काफी बुजूर्ग है और मुम्बई नहीं आ सकती। इसके बाद उसने विडियो काल के जरिए किसी पुलिस अधिकारी के कपड़े पहने व्यक्ति से बात करवाई गई, जिसने कहा कि मैं आपकी सहायता करूंगा। फिर उन्होंने कहा कि आपका किस बैक में फिक्स डिपाजिट है। घबराहट में बुजुर्ग महिला बताया कि इंडियन पोस्ट बैंक में फिक्स डिपाजिट है। फिर उन्होंने कहा कि आप अपने फिक्स डिपाजिट को तोडक़र हमारे दिए हुए बैंक खाते में रुपए ट्रांसफर कीजिए। न्यायालयीन प्रक्रिय पूरी होने के बाद आपको 24 घण्टे में पैसा वापस मिल जाएगा। यह भी कहा गया कि एफडी का लॉस सरकार देगी। 

बुजुर्ग महिला काफी डर गई और उसी दिन दोपहर 3.30 बजे इंडियन पोस्ट आफिस मेन ब्रांच दुर्ग जाकर अपना फिक्स डिपाजिट तुड़वाया और आरटीजीएस के जरिए दो बार में 12 लाख और 10 लाख कुल 22 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिये। इसके बाद शुक्रवार 3 जुलाई की दोपहर 3 बजे दोबारा उनका फोन आया और फिर से रुपए की डिमांड की। इससे बुजुर्ग महिला को ठगी का अहसास हुआ और उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट