दुर्ग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जुलाई। डुण्डेरा-मोरिद मुख्य मार्ग के किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े मिले युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उतई पुलिस हत्या का मामला मानते हुए जांच में जुटी हुई है। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान भी पाए गए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
देर शाम तक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक झा घटनास्थल पर मौजूद रहे और टीम को निर्देशित करते रहे। गुरुवार की रात लगभग 10 बजे रोड के किनारे चंद्राकर बाड़ी (फार्महाउस) ग्राम जंजगिरी थाना उतई निवासी राजकुमार यादव 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल होकर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था, उसके शरीर पर चोट के निशान थे। राह चलते लोगों एवं ग्रामीणों ने रात जब उसे इस स्थिति में देखा तो तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से उसे जिला अस्पताल दुर्ग इलाज के लिए पहुंचाया।
जानकारी मिलते ही मौके पर उतई पुलिस भी पहुंच गई थी। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात राजकुमार यादव ने दम तोड़ दिया। पुलिस की टीम हत्या की संभावना को देखते हुए जांच को दिशा दे रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। परिवार वालों से भी जानकारी ले रही है। इस मामले में तीन संदेहियों को पुलिस ने पूछताछ में लिया है।
जानकारी के मुताबिक राजकुमार मूलत उड़ीसा का रहने वाला था और चंद्राकर बाड़ी में रहकर काम करता था। रात को वह अपनी एक महिला मित्र से मिलने के लिए घर से निकला था। इस दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट करते हुए धारदार वस्तु से वार कर दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। जब वह रात में घर नहीं पहुंचा तब परिवार वाले भी उसकी खोजबीन में लगे हुए थे। पुलिस हर पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक राजकुमार के पिता किशोरी लाल एवं उसके चाचा पिछले 15 वर्षों से चंद्राकर बाड़ी में रहकर वहीं पर काम कर रहे थे। राजकुमार भी अपने पिता और चाचा के साथ बाड़ी में काम करता था।