दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 सितम्बर। बारिश मंद पडऩे के बाद शिवनाथ नदी का जलस्तर धीरे-धीरे अब नीचे उतरने लगा है। राजनांदगांव जिले के बैराज से छोड़े जा रहे पानी की वजह से गुरुवार को शिवनाथ नदी पर दुर्ग स्थित महमरा एनीकट के 7 फीट ऊपर से पानी बह रहा था जो 2 फीट नीचे उतर गया है। अभी भी महमरा एनीकट के 5 फीट ऊपर से पानी बह रहा है। पिछले दिनों हुई जोरदार बारिश के बाद जलाशयों का जलभराव भी बेहतर हुआ है।
गौरतलब है कि राजनांदगांव जिले में भी जोरदार बारिश होने के बाद वहां के सभी बैराजों में शत-प्रतिशत जलभराव हो गए हैं। जिसकी वजह से राजनांदगांव जिले के बैराजों से 20 हजार की से भी अधिक पानी शिवनाथ नदी में छोड़ा जा रहा था, जिससे शिवनाथ नदी का जलस्तर एकाएक बढ़ गया था। वर्तमान में राजनांदगांव जिले के मोगरा बैराज से मात्र 6000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं 2 दिनों से बारिश कमजोर पडऩे के बाद स्थानीय नालों से भी नदी में पानी का आवक कम हो गया है।भादो महीने के आखिर में जोरदार बारिश से सभी जलाशयों में पानी का अच्छा आवक हो रहा है। 15 दिनों पूर्व तक जलाशयों की स्थिति बेहद कमजोर थी। आज की स्थिति में खपरी जलाशय में 72 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। वहीं गंगरेल में कुल क्षमता का 63 एवं तांदुला जलाशय में 46 प्रतिशत जलभराव हो चुका है।
अभी भी इन जलाशयों में पानी का आवक जारी है। नहरों से सिंचित होने वाले खेतों में फसल ले रहे किसानों के लिए जलाशयों का जल स्तर बेहतर होना राहत भरी खबर है।जिले के सभी विकासखंडों में आज की तिथि में सामान्य से अधिक वर्षा हो चुकी है। जिले में अब तक कुल 973.1 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है, जो कि जिले की सामान्य औसत वर्षा 887.2 मिलीमीटर से काफी अधिक है।
इसी प्रकार दुर्ग विकासखंड में एक हजार एक मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है जबकि विकासखंड की सामान्य औसत वर्षा 937.4 मिलीमीटर है। वहीं पाटन विकासखंड में सर्वाधिक 1167 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है जो विकासखंड के सामान्य औसत वर्षा 994.8 मिलीमीटर से172 मिलीमीटर अधिक है। वहीं धमधा विकासखंड में अब तक 751.4 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है जो कि क्षेत्र की सामान्य औसत वर्षा 729.5 मिलीमीटर से अधिक है।


