दुर्ग
दुर्ग, 5 फरवरी। मोहन नगर थाना अंतर्गत धमधा नाका ओवर ब्रिज से मानसिक तनाव एवं नशे की स्थिति में कूदने वाले व्यक्ति को तुरंत घायल अवस्था में रेस्क्यू करते हुए अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले डायल 112 की टीम को जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने उनके कार्यों की सराहना एवं उनका सम्मान करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया है।
मंगलवार को मानसिक तनाव एवं नशे की स्थिति में भानु प्रताप देशमुख 30 वर्ष निवासी वार्ड 13 जेवरा सिरसा जो कि नगर निगम भिलाई में सफाई कर्मचारी है ने ओवरब्रिज से छलांग लगा दी थी। जानकारी मिलते ही मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची। उसमें मौजूद आरक्षक हिमांशु जंघेल एवं चालक धर्मेंद्र देशमुख ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतर्कता पूर्वक घायल को अस्पताल पहुंचाया जिससे उसकी जान बच गई। इस कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा दोनों कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
इस दौरान पुलिस द्वारा अपील की गई है कि मानसिक तनाव या आपात स्थिति में कोई भी गलत कदम न उठाया जाए। तत्काल सहायता के लिए 112 पर संपर्क करें।


