धमतरी
धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने किया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 9 दिसंबर। धान खरीदने सरकार द्वारा बनाई गई व्यवस्था में किसानों को दर-दर भटकता देख जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी चन्द्राकर ने विभिन्न सोसायटियों का मुआयना किया। जहां उन्हें किसानों ने बताया कि आनलाइन में सर्वर ठप होने और ऑफलाइन में समिति प्रबंधन की मनमर्जी के चलते टोकन कटवाने में भारी परेशानी हो रही है। आक्रोशित धरतीपुत्रों की समस्या से अवगत होने के बाद कांग्रेस नेत्री ने अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने की समझाईश दी।
भखारा क्षेत्र से लगातार मिल रही शिकायत के बाद धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने जुगदेही धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर किसानों की बढ़ती समस्याओं को देखा। उन्होंने तर्रागोंदी, सौराबांधा, सिलौटी, टिपानी, खपरी, सेमरा, जोरातराई के किसानों से चर्चा की तो इन समितियों में आश्रित स्थानीय किसानों ने बताया कि सर्वर स्लो होने के कारण किसानों का समय में टोकन नहीं कट रहा है, समिति प्रबंधक द्वारा ऑफ़लाइन व्यवस्था में अपने निजी संबंधितों का टोकन काटा जा रहा है, इस भर्राशाही से क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
विपक्षी पार्टी की जिला प्रमुख तारिणी चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से ही किसानों की समस्याओं में निरंतर वृद्धि हुई है। अपनी उपज बेचने दर-दर भटकते किसानों को अब भूपेश कका की याद आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार 15 नवंबर को धान खरीदी प्रारंभ होनी थी, लेकिन सरकार की गलत नीतियों के कारण बहुत से खरीदी केन्द्रो में समय पर खरीदी प्रारंभ नही हो पाई। खरीद केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था नही होने से किसान रोजाना घंटों परेशान होकर वापस लौट रहे हैं। कांग्रेस नेत्री श्रीमती चंद्राकर ने मौके पर मौजूद अनुविभागीय अधिकारी नभसिंह कोसले से टोकन सिस्टम में सुधार, खरीदी केंद्रो में पर्याप्त व्यवस्था, धान उठाव शुरू करवाने, धान रखने की वैकल्पिक व्यवस्था बनाने एवं धान खरीदी की लिमिट बढाऩे की मांग की। जिलाध्यक्ष के साथ गये जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने भी माना कि भाजपा राज में पहले खाद बीज के लिए किसानों को तरसाया, अब उन्हें धान बेचने के लिए भटकना पड़ रहा है। गलत नीतियों के चलते किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, समय पर खरीदी और सुचारू प्रबंधन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान रेमन साहू, द्वारिका साहू, राजेश साहू, पिंटू राव, शत्रुघ्न साहू, हीरासिंह साहू, शिवप्रसाद पटेल, सुमन साहू, परख साहू, अग्रहित ठाकुर, श्यामसुंदर साहू, विजय, यशवंत साहू आदि किसान उपस्थित थे।


