धमतरी

दो राईस मिल व कोचिए से करोड़ों का धान-चावल जब्त
01-Dec-2025 10:44 PM
दो राईस मिल व कोचिए से करोड़ों का धान-चावल जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 1 दिसंबर। धान की सरकारी खरीदी में पड़ोसी राज्यों के धान न खपे इस लिहाज से धमतरी जिले में अवैध धान परिवहन पर कड़ी नजऱ रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने दो दिनों में राइस मिलर्स और कोचियों पर कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये का धान जब्त किया है। लंबे समय से इस खेल में शामिल रहने वाले लोगों पर प्रशासन की इस कार्रवाई से हडकंप मच गया है।

धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, राजस्व एवं पुलिस दलों को सतत पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध वाहनों की अनिवार्य जांच, अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन पर सख्त निगरानी रखने स्पष्ट निर्देश दिया हैं। उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी बनाने के लिए अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने की छूट संबंधित अधिकारियों को दे रखी है। जिसके चलते ग्राम खपरी-जोरातराई से छाती की ओर किसानों से अवैध रूप से खरीदकर ले जाये जा रहे करीब 168 कट्टा धान कोचिया धनेश्वर सिंह निवासी सेमरा-सिलौटी को पकड़ लिया। मंडी शुल्क एवं वैधता की जांच के लिए वाहन तथा धान को मंडी नियमों के तहत जब्त किया गया। ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 07 एक्स 4029 को भखारा थाना परिसर लाया गया। जहाँ से उसे मंडी परिसर कुरूद भेज दिया गया।

इसी तरह कल जिले के दो राईस मिलों में दबिश देकर करोड़ों का धान, चावल जब्त किया गया। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, मंडी, खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सोरम स्थित फूलमिनी राईस मिल व औद्योगिक क्षेत्र स्थित अशोक राईस मिल में दबिश दी। जहां घंटों जांच पड़ताल की गई। मिल संचालक द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण टीम द्वारा फूलमिनी राईस मिल से 6 हजार क्विंटल धान, 1910 क्विंटल चावल, अशोक राईस मिल से 16856 क्विंटल धान, 8150 क्विंटल चावल जब्त किया गया।

बताया जा रहा है कि उक्त धान गर्मी का धान है। जिसके संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये गये। उक्त कार्रवाई से राईस मिलरों में हडक़म्प मच गया है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपना धान केवल अधिकृत समितियों को ही बेचें और किसी भी अवैध खरीद-फरोख्त की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।


अन्य पोस्ट