दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 26 मार्च। प्रदेश के विख्यात शक्तिपीठों मे शुमार दंतेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर बृहस्पतिवार को आस्था का सैलाब नजर आया। इस दौरान दर्शनार्थियों ने लंबी कतार में खड़े होकर मां दंतेश्वरी के दर्शन किए।
मंदिर में बस्तर की आराध्य देवी का विशेष श्रृंगार किया गया। देवी को विभिन्न प्रकार के भोग पदार्थ अर्पित किए गए। देवी की विशेष आरती की गई।
श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लग गया था। दिन चढऩे के साथ-साथ कतार लंबी होती चली गई। भक्तों द्वारा देवी को विभिन्न प्रकार की सामग्रियां अर्पित की गई। उल्लेखनीय है कि दंतेश्वरी दर्शन हेतु दीगर प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचते हैं। वे अपनी मनोकामना देवी के समक्ष प्रस्तुत करते हैं।
इस दिन मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में अष्टमी का हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आहुति डाली। मंदिर में महानवमी शुक्रवार को मनाई जाएगी। इस दौरान यज्ञ शाला में पूर्णाहुति समर्पित की जाएगी। वहीं महा भंडारा अंतर्गत प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसी क्रम में ज्योति कलशों का विसर्जन भी किया जाएगा।


